समाहरणालय, सहरसा
(जिला जनसंपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति 01
सहरसा, 06 अगस्त 2026
केन्द्रीय विद्यालय, सहरसा में केवीएस राष्ट्रीय एकता दिवस 2026-27 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' एवं कला उत्सव का शुभारंभ
जिला पदाधिकारी, सहरसा श्री दीपेश कुमार ने गुरुवार को केन्द्रीय विद्यालय, सहरसा में आयोजित केवीएस राष्ट्रीय एकता दिवस 2026-27 के अंतर्गत 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' एवं कला उत्सव का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में आगमन पर जिला पदाधिकारी का विद्यालय परिवार द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके उपरांत दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने पारंपरिक वेशभूषा में बैण्ड की धुनों के साथ अतिथियों का स्वागत कर कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया। अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' कार्यक्रम भारत की सांस्कृतिक विविधता में निहित एकता को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के विभिन्न राज्यों की भाषा, संस्कृति, कला एवं परंपराओं को जानने-समझने तथा राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और आपसी सद्भाव की भावना को आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कला उत्सव विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने, उनकी सृजनात्मक क्षमता को विकसित करने तथा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण का प्रभावी मंच है। कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राज्यों की संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने लोक एवं शास्त्रीय नृत्य, संगीत तथा देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का आकर्षक प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों की उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा विद्यालय परिवार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
7 views | Samastipur, Bihar | Aug 6, 2026