*जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क, महवल का किया निरीक्षण*
==============================
*62 एकड़ में विकसित हो रहा आधुनिक औद्योगिक परिसर, उद्योगों के विस्तार और रोजगार सृजन को मिलेगी गति*
==========================
जिला पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर श्री कांतेश कुमार मिश्र ने वरीय अधिकारियों के साथ मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत बियाडा परिसर में सरकार द्वारा विकसित किए जा रहे मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क, महवल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पार्क में विकसित किए जा रहे आधारभूत संरचनाओं, उद्यमियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा औद्योगिक गतिविधियों के संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने कहा कि सरकार द्वारा महवल में विकसित किए जा रहे मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क जिले के औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक परिसर में उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का आकलन करना तथा उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करना था। इस पार्क के माध्यम से लेदर, फुटवियर एवं इससे संबंधित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं संचालन से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना है, जिससे युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की औद्योगिक परियोजनाएं जिले में निवेश की संभावनाओं को बढ़ाने के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों के विस्तार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि बियाडा, मोतीपुर में कुल 62 एकड़ भूमि पर मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेसरीज पार्क का विकास किया जा रहा है। पार्क को दो कैंपस में विकसित किया गया है। उद्यमियों को बेहतर औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यहां आंतरिक सड़क, नाला, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, वे-ब्रिज तथा पावर सब-स्टेशन जैसी आधारभूत सुविधाओं का निर्माण किया गया है।
पार्क के प्रथम कैंपस में प्रशासनिक भवन, मानव संसाधन विकास (HRD) भवन, सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर भवन तथा तीन प्लग एंड प्ले शेड का निर्माण किया गया है। इन सुविधाओं के माध्यम से उद्यमियों को औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना उपलब्ध कराई जा रही है।
पार्क में उद्यमियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तीन प्लग एंड प्ले भवनों का निर्माण किया गया है। इन भवनों में विभिन्न ब्लॉक उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उद्यमी अपनी जरूरत के अनुसार औद्योगिक गतिविधियां संचालित कर सकें। प्रथम भवन में भूतल के चार ब्लॉक कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) के लिए आरक्षित हैं।
डीजीएम, बियाडा द्वारा प्रदत्त विवरण के अनुसार, प्लग एंड प्ले शेड के अंतर्गत तीन इकाइयों को स्थान आवंटित किया गया है। इनमें M/s B.M.M.J & Sons Pvt. Ltd. को चार ब्लॉक, लगभग 15,500 वर्गफीट क्षेत्रफल, M/s Patna Leather को भवन संख्या-2 के अंतर्गत 12 ब्लॉक, लगभग 46,500 वर्गफीट क्षेत्रफल तथा M/S Dev Handicraft को 3,875 वर्गफीट क्षेत्रफल आवंटित किया गया है। वर्तमान में 13 ब्लॉक आवंटन के लिए उपलब्ध हैं।
पार्क में प्लग एंड प्ले शेड के अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए भूमि भी आवंटित की गई है। इसके तहत M/s Solework Footwear Pvt. Ltd. को भू-खंड संख्या IP-30 में 15,000 वर्गफीट तथा M/s ABC Leather को भू-खंड संख्या IP-12 एवं IP-13 में कुल 87,120 वर्गफीट भूमि आवंटित की गई है।
वर्तमान में पार्क में 44 रिक्त भू-खंड उपलब्ध है जिसका कुल क्षेत्रफल 23.34 एकड़ है। ये भू-खंड नए निवेशकों एवं उद्यमियों को आवंटित किए जाने के लिए उपलब्ध हैं। इससे भविष्य में अतिरिक्त औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और निवेश की संभावनाओं को बल मिल सकता है।
औद्योगिक विकास से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना का निरीक्षण क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं और विकास की संभावनाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेगा लेदर फुटवियर एंड एसेंसरीज पार्क, महवल में विकसित आधारभूत संरचनाएं, प्लग एंड प्ले सुविधाएं तथा आवंटन योग्य भूमि औद्योगिक निवेश के लिए महत्वपूर्ण आधार प्रदान करती हैं। परियोजना के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने, युवाओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने तथा मुजफ्फरपुर जिले में औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
*स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों से किया संवाद*
क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय लोगों से भी संवाद किया तथा पार्क के विकास और इससे होने वाले संभावित लाभों के संबंध में उनकी राय जानी। स्थानीय लोगों ने इस परियोजना को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और इससे क्षेत्र में रोजगार एवं विकास की संभावनाओं के प्रति सकारात्मक उम्मीद जताई।
अधिकारियों ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों से भी बातचीत की। इस दौरान उनके शैक्षणिक लक्ष्यों, भविष्य की योजनाओं तथा करियर से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने, शिक्षा के प्रति गंभीर रहने तथा भविष्य में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गई।
Musahri, Muzaffarpur | Oct 9, 2026