कर्णप्रयाग में अलकनंदा नदी में कूदा व्यक्ति, मौके पर पहुंची पुलिस और SDRF-
खबर सार - कर्णप्रयाग में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अलकनंदा नदी में एक व्यक्ति के कूदने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। व्यक्ति की पहचान सतीश चन्द्र खाली, पुत्र देवकीनंदन खाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक परेशानी से जूझ रहा था। जानकारी के अनुसार, सोमवार 14 सितंबर की शाम से ही वह कर्णप्रयाग के नए बस अड्डे के ठीक सामने नदी पार एक चट्टान के किनारे बैठा हुआ था। नगरवासियों ने उसे वहां से हटने के लिए काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से नहीं हटा। मंगलवार सुबह इसकी सूचना पुलिस और एसडीआरएफ टीम को मिली, जिसके बाद दोनों टीमें मौके पर पहुंचीं और व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर आने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद वह नहीं माना और दोपहर करीब 12 बजे अचानक अलकनंदा नदी में कूद गया। घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा नदी में उसकी तलाश की जा रही है। घटना को लेकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।