🚨 चंदनकियारी में मवेशियों के खुले विचरण के खिलाफ किसानों की आक्रोश रैली
🐄 फसल बर्बादी से परेशान सैकड़ों ग्रामीणों ने निकाली चेतावनी रैली
चंदनकियारी। भोजुडीह पश्चिमी पंचायत के गोंडलीभिठा, गोरिग्राम, आमडाहुटु समेत आसपास के गांवों में खुले में छोड़े जा रहे मवेशियों से धान की फसल को हो रहे नुकसान के खिलाफ मंगलवार को किसानों एवं ग्रामीणों ने आक्रोश एवं चेतावनी रैली निकाली।
मुखिया बबलू महतो के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी महिला-पुरुष एवं किसान शामिल हुए। ग्रामीणों के हाथों में “गाय-बैल को खुला छोड़ना बंद करो”, “मवेशियों के मालिक अपने पशुओं को खुला छोड़ना बंद करें” और “किसानों की धान की फसल बर्बाद करना बंद करो” जैसी तख्तियां थीं।
📍 गोंडलीभिठा से शुरू हुई रैली मानपुर, ठाकुरडीह, सीतानाला, गोरिग्राम होते हुए भोजुडीह पहुंची। ग्रामीणों ने बताया कि धान की फसल में फूल आने के समय खुले में घूम रहे मवेशी खेतों में घुसकर फसल को खा और रौंदकर बर्बाद कर रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत देने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है। पूर्व में अमलाबाद ओपी प्रभारी कौशलेंद्र कुमार की ओर से बैठक भी की गई थी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार इसके बाद भी मवेशियों को खुले में छोड़ने का सिलसिला जारी है।
⚠️ ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी पशु मालिक मवेशियों को खुले में छोड़ते हैं तो ग्रामीण मवेशियों को पकड़कर दो दिनों तक बंद रखने और पशु मालिकों से जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करेंगे। जरूरत पड़ने पर मवेशियों को गौशाला भेजने की बात भी कही गई।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि खुले में घूमने वाले मवेशियों से NH-218 पर यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
👉 किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पशु मालिकों को सख्त चेतावनी देकर मवेशियों को बांधकर रखने के लिए कहा जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
किसानों की मांग है कि उनकी मेहनत से तैयार हो रही धान की फसल को बचाने के लिए इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान किया जाए।
#Chandankiyari #चंदनकियारी #किसान #किसानआक्रोश #मवेशी #धानकीफसल #Bokaro #Jharkhand #NH218 #News11