#चंदनकियारी*
आस्था के महासागर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न
इजरी और दामोदर नदी समेत विभिन्न छठ घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़,
सितनाला घाट पर सुरक्षा को लेकर समिति के स्वयंसेवक रहे मुस्तैद; जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर समिति ने जताई नाराजगी
/
चंदनकियारी: चंदनकियारी प्रखंड में चार दिवसीय लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर इजरी नदी, दामोदर नदी, भैरवनाथ धाम समेत विभिन्न तालाबों एवं छठ घाटों पर सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने विधि-विधान के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली की कामना की।
वहीं सितनाला-दामोदर छठ घाट पर भी श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखने को मिली। पूरे घाट पर छठी मईया के भक्तिगीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। व्रतियों द्वारा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते ही पूरा घाट 'जय छठी मईया' के जयकारों से गूंज उठा। छठ घाट पर आचार्यों ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर छठ पूजा महापर्व समिति की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। दामोदर नदी में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए समिति के स्वयंसेवक पिछले दिन से ही बड़े-बड़े ट्यूब के सहारे नदी में मुस्तैद रहे और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर नजर बनाए रखी।
छठ घाट पर सुविधाओं का अभाव, जनप्रतिनिधियों के प्रति समिति में नाराजगी
महापर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के बाद छठ पूजा महापर्व समिति ने सहयोग करने वाले सभी ग्रामवासियों, कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
हालांकि, समिति के सदस्यों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी भी जाहिर की। समिति का कहना है कि इस छठ घाट पर छठ महापर्व के अलावा मकर संक्रांति, गुरु पूर्णिमा एवं प्रत्येक पूर्णिमा के अवसर पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बावजूद अब तक स्थानीय सांसद एवं विधायक की ओर से घाट पर सीढ़ी निर्माण और समुचित स्नान घाट की व्यवस्था नहीं कराई गई है। इसके कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
समिति के सदस्यों ने यह भी दुख जताया कि इतने महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल पर अब तक कोई जनप्रतिनिधि व्यवस्था का जायजा लेने तक नहीं पहुंचा है। समिति ने घाट पर स्थायी सीढ़ी एवं स्नान घाट निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया।