मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बलिया दौरे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई एवं जमीनी मुआयने के बाद फेफना विधायक संग्राम यादव ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का वीडियो साझा करते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
विधायक ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री बलिया आए, बाढ़ प्रभावित लोगों से मिले और हालात का जायजा लिया, लेकिन बलिया की जनता वर्षों से जिस स्थायी समाधान का इंतजार कर रही है, वह अब भी सवाल बना हुआ है।
संग्राम यादव ने कहा कि हर साल बाढ़ आती है, गांव डूबते हैं और कटान से लोगों के घर-खेत प्रभावित होते हैं। इसके बाद निरीक्षण और राहत सामग्री का दौर चलता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
उन्होंने सवाल किया कि “मुआयना कब तक चलेगा और समाधान कब होगा?”
विधायक ने गोपालनगर में बाढ़ और कटान से हुई तबाही का हवाला देते हुए कहा कि 40 से अधिक घर बाढ़ में समा चुके हैं और लोग आज भी संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से बाढ़ और कटान के स्थायी समाधान के लिए ठोस और समयबद्ध योजना की मांग की।
संग्राम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री के बलिया दौरे से लोगों को उम्मीद थी कि इस बार सिर्फ निरीक्षण नहीं, बल्कि कोई बड़ा निर्णय और स्थायी समाधान की दिशा में ठोस घोषणा होगी। विधायक ने सरकार से पूछा कि लगभग एक दशक बीतने के बाद भी बलिया की बाढ़ समस्या का स्थायी समाधान आखिर कब होगा?
#Ballia #YogiAdityanath #SangramSinghYadav #Phephna #Flood #yogiinballia #Development #Balliakhabar