नवरात्रि के पावन अवसर पर सेवा भारती परिवार बैतूल की ओर से रामकृष्ण बगिया में विशाल कन्या पूजन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 351 कन्याओं को नौ देवियों का स्वरूप मानकर पूजन किया गया। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति, नारी सम्मान और सामाजिक समरसता के संदेश से जुड़े इस आयोजन में बैतूल के सांसद एवं केंद्रीय आदिम जाति कल्याण विकास राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, सेवा भारती के राष्ट्रीय सचिव रमेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। कन्याओं का पूजन कर उनके चरण स्पर्श किए गए और उपस्थित लोगों ने उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेवा भारती के राष्ट्रीय सचिव रमेन्द्र सिंह ने संगठन की विभिन्न सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि सेवा भारती सेवा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास के माध्यम से समाज के सर्वांगीण उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संगठन की ओर से नारी जागरण, महिला स्वावलंबन और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए भी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने युवाओं से सेवा भारती से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
आयोजन के दौरान कन्याओं के चरण पूजन किए गए। इसके बाद उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन और प्रसाद कराया गया। धार्मिक परंपराओं के अनुरूप हुए इस कार्यक्रम में पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल रहा। कन्या पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने देवी शक्ति का स्मरण कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
दुर्गा उत्सव के दौरान कन्या पूजन को विशेष महत्व दिया जाता है। मान्यता के अनुसार, कन्याओं में देवी के स्वरूप का दर्शन कर उनका पूजन और सम्मान किया जाता है। इसी परंपरा के तहत सेवा भारती परिवार ने कार्यक्रम आयोजित कर श्रद्धा के साथ कन्याओं का पूजन किया।
कार्यक्रम के जरिए नारी शक्ति के सम्मान, सेवा और संस्कारों का संदेश भी दिया गया। आयोजन में शामिल लोगों ने कन्याओं को सम्मानपूर्वक भोजन कराकर इस परंपरा को आगे बढ़ाया। दुर्गा उत्सव के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सेवा की भावना को भी सामने रखा।