प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
07 अगस्त 2026
शीर्षक: जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित हुआ जनता दरबार।
• 53 से अधिक मामलों की सुनवाई के साथ 17 योग्य भूमिहीन लाभार्थि आवेदकों को बंदोबस्ती पर्चा अविलंब प्रदान करने हेतु अपर समाहर्ता ने अंचलाधिकारी को किया निर्देशित •
जमुई: बिहार सरकार के महत्वाकांक्षी योजना ' सात निश्चय-3' के तहत 'सबका सम्मान-जीवन आसान' के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक-शिकायतों के पारदर्शी, त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निष्पादन के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता जमुई तथा अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित यह जनता दरबार जन-समस्याओं के ऑन-द-स्पॉट निवारण में अत्यंत सफल एवं ऐतिहासिक साबित हुआ।
आज के इस जनता दरबार के दौरान जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को तीनों अधिकारियों ने बेहद गंभीरता और आत्मीयता से सुना। इस अवसर पर जन-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं से जुड़े 53 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से भूमि विवाद, बंदोबस्ती पर्चा, नाला निर्माण, होमगार्ड भर्ती, पुलिस प्रशासन एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) से संबंधित संवेदनशील मुद्दे शामिल थे।
आज के इस जनता दरबार में प्रशासनिक संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए बासगीत पर्चा से जुड़ी शिकायतों पर अपर समाहर्ता द्वारा तुरंत संज्ञान लिया गया। मामले की त्वरित जांच के बाद ऑन-द-स्पॉट कार्रवाई करते हुए कुल 17 जरूरतमंद अनुसूचित जाति के योग्य भूमिहीन फरियादियों को जनता दरबार में ही बंदोबस्ती पर्चा अविलंब प्रदान करने हेतु अपर समाहर्ता ने संबंधित अंचल अधिकारी को निर्देश दिया। लंबे समय से लंबित इस मूलभूत समस्या का तुरंत समाधान पाकर फरियादियों के चेहरों पर सुकून, प्रसन्नता और जिला प्रशासन के प्रति मजबूत विश्वास का भाव स्पष्ट देखने को मिला।
अन्य सभी मामलों की गंभीरता को रेखांकित करते हुए संयुक्त अध्यक्षता कर रहे अधिकारियों ने शेष सभी शिकायतों के संबंध में संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि एक निश्चित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें तथा अनुपालन रिपोर्ट अविलंब जिला मुख्यालय को प्रस्तुत करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आम जनमानस के जीवन को सुगम बनाना ही जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर विलंब या शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों के इस जन-उन्मुख और संवेदनशील रुख से जनता दरबार में पहुंचे सभी लोगों ने गहरा संतोष व्यक्त किया।
#jamui #jamuinews @top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#CyberSafety #DigitalArrest #CyberCrime #1930Helpline #Cyber #Bihar #DistrictAdministration #SafeDigitalIndia
CMO Bihar Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Jamui, Bihar | Aug 7, 2026