प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई
07 अगस्त 2026
शीर्षक: साइबर अपराध पर अंकुश लगाने हेतु मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित, हेल्पलाइन नंबर 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश।
जमुई: साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा वित्तीय धोखाधड़ी से आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य सचिव एवं पुलिस महानिदेशक, बिहार की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा साइबर डीएसपी ने आनलाइन माध्यम से भाग लिया। आज के इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य साइबर अपराधों पर त्वरित व कठोर कानूनी कार्रवाई, दर्ज मामलों का शीघ्र निष्पादन तथा पीड़ितों की ठगी गई राशि की जल्द से जल्द वापसी हेतु प्रशासनिक तंत्र को अधिक सुदृढ़ बनाना रहा। इस दौरान डिजिटल सुरक्षा से संबद्ध प्रमुख तंत्रों, जैसे—S4C की स्थापना, e-Zero FIR, शिकायत निवारण मॉड्यूल, मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल एवं सहयोग व समन्वय पोर्टल के संचालन की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में मुख्य सचिव द्वारा साइबर सुरक्षा की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 का व्यापक स्तर पर जन-प्रचार सुनिश्चित किया जाए। इसी परिप्रेक्ष्य में आज आम जनमानस तक इस नंबर की सहज पहुंच बनाने हेतु बिजली बिलों तथा सुधा डेयरी के खाद्य उत्पादों के पैकेट्स पर अनिवार्य रूप से हेल्पलाइन नंबर 1930 अंकित कराने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त सभी सरकारी एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान साइबर जागरूकता हेतु एक समावेशी एवं प्रभावकारी कार्ययोजना तैयार कर प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया गया।
बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी ने सभी जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध पारंपरिक अपराधों की भांति ही एक गंभीर चुनौती है, जहां थोड़ी सी असावधानी भी नागरिकों की गाढ़ी कमाई और निजी सुरक्षा को खतरे में डाल सकती है। जिला प्रशासन नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल, अज्ञात लिंक अथवा वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में नागरिक बिना किसी विलंब के राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस अधीक्षक ने भी सभी नागरिकों को सचेत करते हुए कहा कि साइबर ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम व्यक्तिगत जागरूकता और सजगता ही है। उन्होंने नागरिकों से किसी भी स्थिति में अपनी गोपनीय वित्तीय जानकारी (जैसे ओ.टी.पी., पिन या बैंक विवरण) किसी के साथ साझा न करने का अनुरोध किया। जिला प्रशासन, जमुई द्वारा जिले के समस्त मीडिया बंधुओं से भी यह अपील की गई है कि वे सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल माध्यमों से साइबर जागरूकता संदेशों एवं हेल्पलाइन नंबर 1930 का अधिकाधिक प्रसार करें, ताकि प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित डिजिटल वातावरण प्रदान किया जा सके।
#jamui #jamuinews General Administration Department, Govt. of Bihar
1 views | Jamui, Bihar | Aug 7, 2026