बरौदी में बिजली कटौती के विरोध में ग्रामीणों ने लगाया जाम
अमोला थाना क्षेत्र के सिरसौद-खोड़ मार्ग स्थित बरौदी गांव में शुक्रवार शाम बिजली कटौती से नाराज महिलाओं और ग्रामीणों ने करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि आजाद मोहल्ले की बिजली बिना सूचना के काट दी गई, जिससे घरों के साथ नल-जल योजना भी प्रभावित हो गई। रात में अंधेरे के कारण ग्रामीणों में सांपों का भय भी बना हुआ था। सूचना पर अमोला थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह सेंगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम खुलवाया। ग्रामीणों ने मांग की कि जिन उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया है, केवल उन्हीं के कनेक्शन काटे जाएं।