#बलरामपुर में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा कदम, मेडिकल संचालकों को दिलाई शपथ...
केमिस्ट-ड्रगिस्ट एसोसिएशन के साथ बैठक में सख्त निर्देश, नशीली व प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर रोक लगाने की अपील
#बलरामपुर। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बलरामपुर पुलिस ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने थाना परिसर में बलरामपुर नगर के केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन एवं मेडिकल संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।
बैठक में पुलिस ने मेडिकल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में नशीली अथवा प्रतिबंधित दवाओं का अवैध क्रय-विक्रय न किया जाए। यदि किसी व्यक्ति या संस्था द्वारा ऐसी गतिविधि किए जाने की जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए भी कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे का दुष्प्रभाव समाज और विशेषकर युवाओं पर गंभीर रूप से पड़ रहा है। ऐसे में मेडिकल संचालक अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाने में पुलिस का सहयोग करें और आमजन को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें।
इस दौरान मौजूद केमिस्ट, ड्रगिस्ट एवं मेडिकल संचालकों को नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने, नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं का अवैध कारोबार न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।
बलरामपुर पुलिस का संदेश है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जनसहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
#baltampur #balrampurpolic