मदनपुर प्रखंड के दो पंचायतों में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के चेईनवादा पंचायत के गरडी गांव और पिपरौरा पंचायत के चंदौली गांव में गुरुवार को आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। गरडी में आयोजित कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर वार के प्रधानाचार्य मनीष पांडे, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार प्रजापत एवं सेविका सरस्वती देवी ने ग्रामीण महिलाओं को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, बच्चों को मिलने वाले पोषाहार और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी। बाद में गोद भराई कार्यक्रम भी हुआ। वहीं चंदौली में आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 232 एवं 46 पर संयुक्त रूप से गोद भराई और सेवा संकल्प अभियान के तहत जनसंपर्क कार्यक्रम हुआ। इस दौरान क्षेत्र के विकास और जनसेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। मौके पर भाजपा वार मंडल अध्यक्ष सह बीस सूत्री सदस्य मिथलेश कुमार, मिथलेश ठाकुर, सेविका मुन्नी देवी, श्वेता कुमारी, सहायिका चिंता देवी, आशा देवी, सुपरवाइजर यामा यास्मीन सहित कई महिलाएं उपस्थित रहीं।