.
*सारण समाहरणालय, छपरा*
(जिला निर्वाचन शाखा)
डीएम एवं एसएसपी ने ईवीएम वेयर हाउस का किया मासिक निरीक्षण
छपरा
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने शनिवार को संयुक्त रूप से सदर प्रखंड के निकट स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारी द्वय ने ईवीएम का इन्वेंट्री रजिस्टर का अवलोकन करते हुए वेयरहाउस में भंडारित मशीनों का स्टॉक देखा. उन्होंने परिसर में प्रवेश व्यवस्था, ईवीएम मशीनों के सुरक्षित रखरखाव और व्यवस्था की गहन समीक्षा की. निरीक्षण के समय ईवीएम मशीनों की सुरक्षा से संबंधित सभी मानक प्रणाली व प्रावधानों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में अभी रेडी टू यूज मशीनें भंडारित हैं. इसलिए उसकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए. मशीनों को मानक के अनुरूप डबल लॉक सिस्टम में सील्ड अवस्था में रखा जाएगा. निरीक्षण के क्रम में परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, नियंत्रण कक्ष की निगरानी व्यवस्था तथा सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की स्थिति की विस्तारपूर्वक जानकारी ली गयी. अधिकारियों ने चौबीसों घंटे निगरानी व्यवस्था को सक्रिय बनाए रखने तथा प्रत्येक गतिविधि के नियमित अभिलेखों को सुरक्षित रखने, लॉग बुक के संधारण आदि पर जोर दिया. सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतने का स्पष्ट निर्देश दिया गया. इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, ईवीएम नोडल सह उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता उपेन्द्र कुमार, जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुनील कुमार, कांग्रेस के डॉ शंकर चौधरी व अब्दुल कादिर खान, जदयू के प्रभाष शंकर, लोजपा के मृत्युंजय कुमार, लोजपा आर के विशाल कुमार व अभिजीत सिंह राठौर, भाकपा माले के अखिलेश कुमार आदि उपस्थित थे.
Saharsa, Bihar | Jul 18, 2026