औरंगाबाद जिले में धान अधिप्राप्ति को लेकर डीएम ने की समीक्षा, 2 लाख मिट्रिक टन का है लक्ष्य,15 नवंबर से 31 मार्च 2027 तक होगी खरीदी।
औरंगाबाद जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान अधिप्राप्ति को लेकर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में आज समाहरणालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पिछले साल के लंबित CMR (कस्टम मिल्ड राइस) की आपूर्ति के साथ-साथ इस साल की अधिप्राप्ति की पूरी तैयारी की समीक्षा की गई।
*इस साल 2,00,454 MT धान खरीद का लक्ष्य*
जिलाधिकारी ने बताया कि इस साल जिले में 2,00,454 मेट्रिक टन धान की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अब तक 1,917 किसानों का निबंधन हो चुका है, जिसमें 1,348 रैयत और 569 गैर-रैयत किसान शामिल हैं।
धान की खरीद 15 नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक चलेगी।
- साधारण धान का समर्थन मूल्य: 2,441 रुपये प्रति क्विंटल
- ग्रेड-A धान का समर्थन मूल्य: 2,461 रुपये प्रति क्विंटल
*DM ने दिए सख्त निर्देश*
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि खरीद शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी हो जाएं:
1. सभी चयनित पैक्स और समितियों को कैश क्रेडिट ऋण समय पर उपलब्ध कराया जाए।
2. हर क्रय केंद्र पर बायोमेट्रिक मशीन, नमी मापक यंत्र, तौल मशीन, गुणवत्ता जांच मशीन और फर्स्ट एड किट अनिवार्य रूप से हो।
3. केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रोशनी और किसानों के बैठने की व्यवस्था हो।
4. समितियों का ऑडिट, चयन और राइस मिलों का सत्यापन जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और बिचौलियों पर सख्त नजर रखी जाए।
इस बैठक में अपर समाहर्ता विशेष सईदुल हसन खान, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, कॉपरेटिव बैंक चेयरमैन संतोष कुमार सिंह, जिला सहकारिता पदाधिकारी राजीव कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।