ऑपरेशन कवच-2.0 के तहत यात्री बसों की सघन चेकिंग
बसों की छत व कैरियर पर ओवरलोड सामान मिलने पर होगी कार्रवाई, यात्री सुरक्षा पर पुलिस की विशेष नजर
संतकबीरनगर, 29 सितंबर। यात्री सुरक्षा को लेकर संतकबीरनगर पुलिस ने “ऑपरेशन कवच-2.0” के तहत विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार के निकट पर्यवेक्षण में 28 से 30 सितंबर तक यात्री बसों की सघन चेकिंग की जा रही है।प्रभारी यातायात खलीलाबाद परमहंस के नेतृत्व में यातायात पुलिस द्वारा एक्सप्रेस-वे सहित जनपद के प्रमुख मार्गों पर संचालित यात्री बसों की जांच की जा रही है। अभियान का मुख्य उद्देश्य बस-बॉडी-कोड के निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के साथ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है।चेकिंग के दौरान विशेष रूप से बसों की छत एवं कैरियर पर लदे सामान की जांच की जा रही है। निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचाई तक सामान लादकर चलने वाली बसों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही बसों की निर्धारित मानकों के अनुरूपता की भी जांच की जा रही है।अभियान के तहत अंतरजनपदीय एवं अंतरराज्यीय यात्री बसों के आवागमन वाले मार्गों तथा एक्सप्रेस-वे के प्रमुख बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।संतकबीरनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यात्री बसों में सफर के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करें। यदि किसी बस की छत या कैरियर पर निर्धारित सीमा से अधिक सामान लदा हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।