सवाई माधोपुर में रेलवे पुलिस का आरक्षक 70 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सवाई माधोपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी की सवाई माधोपुर इकाई ने कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस चौकी लाखेरी में पदस्थापित आरक्षक मोहम्मद नदीम कुरेशी को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, रेलवे सामान चोरी के एक मामले में परिवादी को आरोपी नहीं बनाने की एवज में आरक्षक द्वारा एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 25 अगस्त को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान आरोपी ने पहले 80 हजार और बाद में परिवादी के निवेदन पर 70 हजार रुपए में रिश्वत लेने पर सहमति जताई।
इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई आयोजित की। आरोपी परिवादी के घर पहुंचा और जैसे ही 70 हजार रुपए की रिश्वत राशि ली, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई है।