➡️ प्रकृति और गौमाता का संरक्षण करना हम सभी का दायित्व : विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल
➡️ गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गौसेवा का संदेश देती है
➡️ भारत भारती गोशाला में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधि-विधान से किया गोवर्धन पूजन, गौमाता को अर्पित किया गोग्रास
➡️ गोपाल कृष्ण पुरस्कार से 9 उत्कृष्ट पशुपालक सम्मानित, गौसेवकों एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का भी हुआ सम्मान
गोवर्धन पूजा का पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, गौमाता के सम्मान और अहंकार त्यागने का महत्वपूर्ण संदेश देता है। हम कितनी भी उन्नति कर लें, लेकिन प्रकृति को कभी नहीं भूलना चाहिए। धरती और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रकृति का सम्मान एवं संरक्षण आवश्यक है। यह बात प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक बैतूल श्री हेमंत खंडेलवाल ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर भारत भारती गोशाला में आयोजित जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम में कही।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमें प्रकृति के महत्व को समझाती। उन्होंने कहा कि गौमाता का हमारे जीवन में विशेष महत्व है। गाय के दूध, गोबर और गोमूत्र से अनेक उपयोगी उत्पाद तैयार किए जाते हैं। गौमाता का संरक्षण और उनसे प्राप्त उत्पादों का सदुपयोग प्रकृति एवं समाज दोनों के लिए लाभकारी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार गोवर्धन पूजा के अवसर पर प्रदेश की सभी गौशालाओं में पूजन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिसका उद्देश्य समाज का प्रत्येक व्यक्ति गौशालाओं से जुड़े उनकी व्यवस्थाओं को समझे और गौसेवा में अपनी सहभागिता निभाए। उन्होंने सभी से गौसेवा एवं प्रकृति संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रकृति और पर्यावरण को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम में भारत भारती गोशाला समिति के सचिव श्री मुकेश खंडेलवाल ने बताया कि भारत भारती में 200 गोवंशों का पालन किया जा रहा है। यह गोपालन एवं जैविक कृषि का केंद्र है। यहां पंचगव्य का निर्माण भी किया जाता है। उन्होंने गोशाला के संचालन एवं गतिविधियों में सभी से सहभागी बनने का आग्रह किया।
गोवर्धन पूजा के अवसर पर जिले की सभी गोशालाओं में पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने विधि-विधान से गोवर्धन भगवान का पूजन एवं आरती की तथा गौमाता को गोग्रास अर्पित किया। इस अवसर पर जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री हंसराज धुर्वे, श्री बुधपाल सिंह, श्री वीरेंद्र तिवारी, गोशाला समिति के सचिव श्री मुकेश खंडेलवाल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक श्री अमित सक्सेना, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी श्री सुरजीत सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री जितेंद्र तिवारी ने किया।
➡️ गोपाल कृष्ण पुरस्कार से 9 पशुपालक सम्मानित
कार्यक्रम में विधायक श्री खंडेलवाल ने गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले 9 पशुपालकों को सम्मानित कर पुरस्कार राशि वितरित की। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक लाख रुपये ग्राम भौरा की श्रीमती कल्पना एवं श्री अतुल सोनी, ग्राम हिरवरखेड़ के श्री ज्ञानेश्वर एवं श्री रामराव देशमुख, ग्राम भीमपुर के श्री लवकेश एवं श्री रामचरण आर्य तथा ग्राम खेड़ीसांवलीगढ़ के श्री तरुण एवं श्री नथ्थू वाघमारे को प्रदान किए गए।
द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50-50 हजार रुपये ग्राम भौरा के श्री धर्मेन्द्र एवं श्री बाबूलाल यादव, ग्राम हिरवरखेड़ के श्री योगराज एवं श्री गोविंदराव महाजन तथा ग्राम भीमपुर के श्री नरेंद्र एवं श्री नागिया मोरले को प्रदान किए गए। इसी प्रकार तृतीय पुरस्कार के रूप में 25-25 हजार रुपये ग्राम हिरवरखेड़ के श्री बलवंत एवं श्री रामप्रसाद कुंभारे तथा ग्राम भौरा के श्री मुन्नालाल एवं श्री रमेश यादव को प्रदान किए गए। इस अवसर पर विधायक श्री खंडेलवाल ने गौसेवकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया।
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Animal Husbandry, Madhya Pradesh
#GoverdhanPooja #गोवर्धन_पर्व
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul