दीपावली के अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने स्थानीय दुकानदारों से मिट्टी के दीपक और लक्ष्मीजी की मूर्तियां खरीदकर स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। वे शहर के कारगिल चौक पहुंचे, जहां उन्होंने दीपावली की खरीदारी की। इस दौरान उन्होंने दुकानदार को डिजिटल पेमेंट किया और उसके बच्चों को 500 रुपए भी दिए।
खंडेलवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वोकल फॉर लोकल अभियान का जिक्र करते हुए लोगों से स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों से सामान खरीदने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देना जरूरी है। कोई भी सामान खरीदने से पहले लोगों को एक बार यह जरूर सोचना चाहिए कि वह उत्पाद देश में बना है या नहीं।
उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों और छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिलती है। इससे रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। दीपावली जैसे त्योहारों पर मिट्टी के दीपक और स्थानीय स्तर पर तैयार की गई वस्तुएं खरीदकर कारीगरों की मेहनत को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
खंडेलवाल ने लोगों से डिजिटल पेमेंट को भी अधिक से अधिक अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना और स्वदेशी उत्पादों का इस्तेमाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है।