मऊ में जाति प्रमाण पत्र की मांग को लेकर 500 से अधिक लोगों ने तहसील का किया घेराव, अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में गोंड समाज के जाति प्रमाण पत्र जारी न होने से नाराज लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। मधुबन तहसील परिसर में अखिल भारत वर्षीय गोंड महासभा के नेतृत्व में 500 से अधिक महिला और पुरुषों ने घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परिवार के सदस्यों के जाति प्रमाण पत्र पहले से जारी होने और पुराने राजस्व अभिलेखों में गोंड दर्ज होने के बावजूद पात्र आवेदकों के प्रमाण पत्र नहीं बनाए जा रहे हैं। समाज के लोगों ने तहसील प्रशासन पर अनावश्यक रूप से परेशान करने का आरोप लगाते हुए शासनादेश के अनुसार तत्काल जाति प्रमाण पत्र जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तहसील परिसर में दिन-रात अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शासनादेश के अनुसार वैध पारिवारिक और राजस्व अभिलेख रखने वाले पात्र लोगों के जाति प्रमाण पत्र तत्काल जारी किए जाएं और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना बंद किया जाए।
इस दौरान जिला अध्यक्ष राजेश कुमार गोंड, केदारनाथ गोंड, राहुल गोंड, रामजीत गोंड, पवन कुमार गोंड, ओमप्रकाश गोंड, रामप्रवेश गोंड, यशवंत गोंड, अजय गोंड, अंकित गोंड और सुरेंद्र गोंड सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष मौजूद रहे।
गोंड समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो मधुबन तहसील परिसर में दिन-रात अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि ठंड के मौसम में भी वे अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे..