छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी ने आरा रेलवे स्टेशन एवं प्राइवेट बस स्टैंड का किया निरीक्षण, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने का दिया निर्देश
श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए पेयजल, स्वच्छता, विधि-व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने का निर्देश
आरा, दिनांक 09 नवंबर 2026।
आगामी छठ महापर्व के अवसर पर जिले में आने वाले श्रद्धालुओं, आगंतुकों एवं यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 09 नवंबर 2026 को जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा द्वारा आरा रेलवे स्टेशन एवं प्राइवेट बस स्टैंड, आरा का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी महोदय ने आरा रेलवे स्टेशन पर छठ महापर्व के अवसर पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के स्वागत तथा उनकी सुविधा के मद्देनजर साफ-सफाई, स्वच्छता, विधि-व्यवस्था, यात्री सुविधाओं एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने रेलवे स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने तथा भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ रखने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा प्राइवेट बस स्टैंड, आरा का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बस स्टैंड परिसर की साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, यात्रियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं, विधि-व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं अविलंब सुनिश्चित की जाएं। साथ ही, साफ-सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी प्रबंध करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ महापर्व के दौरान जिले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त, भोजपुर, नगर आयुक्त, आरा नगर निगम, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर आरा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, आरा सदर, स्टेशन मैनेजर (रेलवे) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
@iprdbihar
Bhojpur, Bihar | Nov 9, 2026