सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ रील बनाना पड़ा महंगा, ऑपरेशन वज्रपात में दो युवक गिरफ्तार
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ रील बनाकर प्रसारित करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। बिलरियागंज पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों की पहचान विकास यादव के रूप में हुई है। इनमें पहला विकास यादव पुत्र संतराज यादव निवासी ग्राम कुर्थीपुर, थाना बिलरियागंज है। उसे 11 नवंबर को ग्राम इमलीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में मु0अ0सं0 261/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे अभियुक्त विकास यादव पुत्र विरेन्द्र यादव निवासी वार्ड नंबर 11 शिवनगर, थाना बिलरियागंज को गोरिया नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक अवैध तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में मु0अ0सं0 262/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों अभियुक्तों ने अवैध असलहों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर प्रसारित की थी। इस तरह असलहों का प्रदर्शन कर लोगों में भय और दहशत का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा था।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Azamgarh, Azamgarh | Nov 12, 2026