*सीआईए टोहाना का नशा तस्करों पर डबल एक्शन: गिरफ्तारी के साथ अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति पर भी प्रहार*
*– दो नशा तस्करों की करीब 25.50 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज*
*– राहुल उर्फ राठा का करीब 25 लाख रुपये का रिहायशी मकान व जेकीराम की करीब 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल फ्रीज*
*– एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत कार्रवाई, SAFEMA नई दिल्ली ने फ्रीजिंग आदेशों को दी स्वीकृति*
*– एसपी निकिता खट्टर के नेतृत्व में नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर भी लगातार शिकंजा कस रही फतेहाबाद पुलिस*
टोहाना, 27 अगस्त। नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही फतेहाबाद पुलिस न केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा रही है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित उनकी चल-अचल संपत्तियों एवं आर्थिक संसाधनों पर भी लगातार प्रहार कर रही है। इसी कड़ी में फतेहाबाद पुलिस ने दो नशा तस्करों *राहुल उर्फ राठा पुत्र हमसराज निवासी बख्शी गली, टोहाना तथा जेकीराम पुत्र श्रीरामदाल निवासी जमालपुर शेखां* की कुल करीब 25 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाने में सफलता हासिल की है।
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस* के दिशा-निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत आरोपी राहुल उर्फ राठा का वार्ड नंबर 9, बख्शी गली टोहाना स्थित करीब 25 लाख रुपये मूल्य का रिहायशी मकान तथा आरोपी जेकीराम की करीब 50 हजार रुपये मूल्य की मोटरसाइकिल एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज की गई है। दोनों मामलों में सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली द्वारा फ्रीजिंग आदेशों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
*एसपी श्रीमती निकिता खट्टर* ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन, संपत्ति एवं आर्थिक संसाधनों की पहचान कर उन पर कानून के तहत कार्रवाई करना भी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में 1 जनवरी से अब तक 440 नशा तस्करों को काबू किया जा चुके हैं तथा उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए अब तक 31 नशा तस्करों की कुल 4 करोड़ 74 लाख 98 हजार 149 रुपये मूल्य की संपत्ति फ्रीज करवाई जा चुकी है।
इसी अभियान के तहत सीआईए टोहाना प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम तथा प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल, फतेहाबाद द्वारा राहुल उर्फ राठा एवं जेकीराम की आय, चल-अचल संपत्ति, बैंक खातों तथा वित्तीय स्रोतों की जांच कर संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई अमल में लाई गई।
*प्रथम मामला : राहुल उर्फ राठा की करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज*
*एसपी श्रीमती निकिता खट्टर* ने बताया कि सीआईए टोहाना की टीम ने 6 जुलाई 2026 को आरोपी राहुल उर्फ राठा को काबू कर उसके कब्जे से 10.24 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इस संबंध में थाना शहर टोहाना में मुकदमा नंबर 196 दिनांक 06.07.2026 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान आरोपी की आय एवं संपत्ति के स्रोतों की भी गहनता से पड़ताल की गई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी के वार्ड नंबर 9, बख्शी गली टोहाना स्थित करीब 25 लाख रुपये मूल्य के रिहायशी मकान को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में 27 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश जारी किया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली द्वारा 24 अगस्त 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई।
*राहुल उर्फ राठा के खिलाफ पूर्व में दर्ज एनडीपीएस मामले :*
1. मुकदमा नंबर 430 दिनांक 05.08.2023, थाना शहर टोहाना
2. मुकदमा नंबर 69 दिनांक 31.01.2025, थाना शहर टोहाना
3. मुकदमा नंबर 196 दिनांक 06.07.2026, थाना शहर टोहाना
*दूसरा मामला : जेकीराम की मोटरसाइकिल फ्रीज*
*एसपी श्रीमती निकिता खट्टर* ने बताया कि सीआईए टोहाना की टीम ने 25 जून 2026 को आरोपी जेकीराम को काबू कर उसके कब्जे से 4 किलो 120 ग्राम गांजा बरामद किया था। इस संबंध में थाना शहर टोहाना में मुकदमा नंबर 187 दिनांक 25.06.2026 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान आरोपी की आय एवं संपत्ति के स्रोतों की पड़ताल की गई। पुलिस जांच के आधार पर आरोपी द्वारा अवैध कमाई से अर्जित की गई मोटरसाइकिल नंबर HR23J-4333, अनुमानित मूल्य करीब 50 हजार रुपये को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।
इस संबंध में 28 जुलाई 2026 को फ्रीजिंग आदेश जारी किया गया था, जिसे सक्षम प्राधिकारी SAFEMA, नई दिल्ली द्वारा 24 अगस्त 2026 को स्वीकृति प्रदान की गई।
फ्रीजिंग आदेश प्रभावी होने के बाद संबंधित संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना बेचा, हस्तांतरित अथवा किसी अन्य व्यक्ति के नाम स्थानांतरित नहीं किया जा सकता।
*एसपी श्रीमती निकिता खट्टर* ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध पूरी प्रतिबद्धता एवं सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी संदिग्ध एवं अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की वित्तीय जांच भी लगातार की जा रही है। तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अन्य नशा तस्करों की संपत्तियों को भी कानून के अनुसार फ्रीज एवं अटैच करने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने नशा तस्करों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “नशे के अवैध कारोबार से संपत्ति खड़ी करने वाले तस्कर यह समझ लें कि पुलिस की कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। नशे की कमाई से अर्जित संपत्ति एवं आर्थिक नेटवर्क पर भी कानून के तहत प्रभावी प्रहार किया जाएगा।”
फतेहाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा बेचने अथवा नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी।
फतेहाबाद पुलिस का लक्ष्य स्पष्ट है—नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के साथ-साथ उनके आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त कर जिले को नशामुक्त एवं सुरक्षित बनाना।
Uklana, Hissar | Aug 27, 2026