पचनदा संगम को मिली बड़ी सौगात, जालौन पहुंचे जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने मानस भवन, गेस्ट हाउस व पक्के घाट की घोषणा की
पांच नदियों की देवियों की प्रतिमाओं की स्थापना, वृक्षारोपण, नदी सम्मेलन और यमुना आरती में हुए शामिल; क्षेत्रीय विकास को लेकर कई अहम बातें कहीं
जितेंद्र गुप्ता | बोल दो भारत
जालौन, उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह रविवार को जनपद जालौन के बाबा साहब मंदिर, कंजौसा स्थित पचनदा संगम पहुंचे, जहां उन्होंने जल चौपाल, नदी सम्मेलन, यमुना आरती एवं मूर्ति प्रतिष्ठापना समारोह में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने सिंध, कुंवारी, पहुंज, यमुना और चंबल नदियों का प्रतीक मानी जाने वाली पांचों देवियों की प्रतिमाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर पुष्प अर्पित किए।
इसके बाद मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अपने हाथों से पौधारोपण किया। उन्होंने पौधे में मिट्टी और पानी डालकर लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा जल स्रोतों के संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित नदी सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने पचनदा संगम के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने घोषणा की कि पचनदा संगम पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मानस भवन, गेस्ट हाउस तथा पक्के घाट का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्नान, ठहरने और अन्य सुविधाएं बेहतर हो सकेंगी। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
अपने संबोधन में मंत्री ने जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नदियां हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर हैं, इसलिए इनके संरक्षण में हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं के साथ यमुना आरती में भाग लिया। भक्ति और श्रद्धा से सराबोर माहौल में हुई आरती ने पूरे पचनदा संगम को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में मौजूद रहे।
#orai #jalaun #jagammnpur #रामपुरा #dmjalaun #spjalaun #swatantradevsingh #पचनदा #जगम्मनपुर #जालौन #viralvideo
Orai, Jalaun | Jul 12, 2026