बीकानेर-जयपुर के बीच वंदे भारत चलाने की मांग,
मंत्री सुमित गोदारा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को सौंपा पत्र
बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने रविवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीकानेर प्रवास के दौरान उनसे मुलाकात कर बीकानेर से जयपुर के बीच रतनगढ़-सीकर मार्ग से वंदे भारत एक्सप्रेस रेल सेवा शुरू करने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक पत्र भी सौंपा।
सुमित गोदारा ने केंद्रीय रेल मंत्री को बताया कि बीकानेर और प्रदेश की राजधानी जयपुर के बीच आधुनिक और तेज गति की वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन क्षेत्रीय विकास, आमजन की सुविधा और जनहित की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने इस रेल सेवा को शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।
पत्र में उन्होंने उल्लेख किया कि बीकानेर, रतनगढ़, सीकर जयपुर के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री, व्यापारी, विद्या तथा विभिन्न वर्गों के लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में मार्ग पर वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन के लिए पर्याप्त यात्रीभार उपलब्ध है।
मंत्री गोदारा ने बताया कि यह रेल मार्ग प्रदेश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ता है। मार्ग में विश्व प्रसिद्ध सालासर बालाजी मंदिर, देशनोक स्थित करणी माता मंदिर तथा सीकर जिले का जीण माता मंदिर स्थित हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस के संचालन से देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा मिलेगी, जिससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि बीकानेर और जयपुर के बीच तेज, सुरक्षित और आधुनिक रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों के समय की बचत होगी तथा वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को आरामदायक एवं विश्वसनीय यात्रा का विकल्प मिलेगा।
सुमित गोदारा ने जनभावनाओं, क्षेत्रीय आवश्यकताओं पर्यटन विकास को ध्यान में रखते हुए बीकानेर-जय (रतनगढ़-सीकर मार्ग) के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा ज शुरू करने का अनुरोध किया।