बेतिया में सड़क हादसे में पीजी की छात्रा की मौत, भाई समेत दो गंभीर; ट्रक छोड़कर चालक फरार...
बेतिया। शहर के बीचोंबीच NH 727 पर स्टेशन चौक और हरिवाटिका चौक के बीच आज शाम हुए भीषण सड़क हादसे में पीजी की छात्रा दिव्या भारती की मौत हो गई। सेंट्रल बैंक शाखा के समीप ट्रक की चपेट में आने से यह दुर्घटना हुई। हादसे में दिव्या का भाई सौरभ कुमार समेत दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। मृतका की पहचान बानुछापर थाना क्षेत्र के छावनी निवासी शंभू राम की पुत्री दिव्या भारती के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और क्यूआरटी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को GMCH बेतिया पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दिव्या को मृत घोषित कर दिया। सौरभ का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि दूसरे घायल बाइक सवार को उसके परिजन निजी अस्पताल ले गए। परिजनों के अनुसार, दिव्या भारती मुजफ्फरपुर में पीजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा देने अपने भाई सौरभ के साथ बाइक से गई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान स्टेशन चौक और हरिवाटिका चौक के बीच सेंट्रल बैंक शाखा के समीप यह हादसा हो गया। बताया जाता है कि स्टेशन चौक की ओर से तेज रफ्तार में एक दूसरी बाइक आती दिखाई दी। उससे साइड लेने के दौरान दिव्या और सौरभ की बाइक असंतुलित हो गई। इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में बाइक आ गई। दुर्घटना में दिव्या की जान चली गई, जबकि उसका भाई और दूसरी बाइक का सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। दिव्या की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक के फरार होने से उसकी तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
#champaran24news #viralreelschallenge #trendingreels #reelsviral #districtadministrationwestchamparan #CMBihar #viralvideochallenge #police #BiharNews