अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की बछवाड़ा नगर इकाई ने गुरुवार को अपना स्थापना दिवस मनाया। यह कार्यक्रम बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत रानी एक पंचायत के नारेपुर बाजार स्थित एक निजी संस्थान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर "उठो जागो - छात्र संवाद कार्यक्रम" का आयोजन किया गया, जिसे राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के रूप में भी मनाया गया।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के तैलीय चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों और विद्यार्थी परिषद के राष्ट्र निर्माण के उद्देश्यों से अवगत कराया गया।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष रमन कुमार ने की, जबकि संचालन सजग कार्यकर्ता शशि कुमार ने किया। नगर अध्यक्ष रमन कुमार ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जो पियेगा वही दहाड़ेगा। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई को प्राथमिकता देने और संगठन से जुड़ने का आह्वान किया, जो व्यक्तित्व विकास, समाज सुधार और राष्ट्र पुनर्निर्माण के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहायक होगा।
नगर मंत्री आनंद कुमार और कार्यकर्ता शशि कुमार ने विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी परिषद ज्ञान, शील, एकता और धैर्य के साथ राष्ट्र निर्माण के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि "विद्यार्थी कल का नहीं, आज का नागरिक है" और युवाओं को स्वामी विवेकानंद के मार्गदर्शन पर चलने के लिए प्रेरित किया।
मौके पर उपस्थित आशुतोष कुमार और राहुल कुमार ने कहा कि विद्यार्थी परिषद स्वामी विवेकानंद के "उठो, जागो और तब तक न रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए" के सिद्धांत पर चलने वाला एकमात्र संगठन है। उन्होंने छात्रों से अपनी संस्कृति से जुड़ने, राष्ट्र उत्थान और राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर रोहित कुमार, मुकुंद कुमार, शिवम् कुमार सहित 300 से अधिक छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।