*आमस में थार से ब्राउन शुगर बरामद, दो गिरफ्तार*
*आमस, गयाजी:* आमस थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थार वाहन से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया है। इस मामले में रांची के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 18 अक्टूबर की शाम करीब 5:10 बजे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी-1 संदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली कि भोजपुर की ओर से झारखंड नंबर की थार (JH-01GC-7764) में मादक पदार्थ लाया जा रहा है। सूचना पर उनके निर्देशन में एसआई अखिलेश कुमार, एसआई अभय कुमार सहित आमस थाना की टीम ने सावकला टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर वाहन जांच शुरू की।
शाम करीब 6:30 बजे काले रंग की थार को रोकने का इशारा किया गया तो चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस ने सड़क जाम कर थार को रोका और सवार दो लोगों को पकड़ लिया।
तलाशी में चालक सीट के नीचे काले रंग की पन्नी में कागज से लिपटा ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ मिला। दोनों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल भी बरामद हुए हैं। थार वाहन को जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रंजन कुमार (26), पिता जितेंद्र यादव और सुचित कुमार (29), पिता विजय कुमार राय, दोनों निवासी धावा नगर, ओम नगर, कांके रोड, थाना गोंदा, जिला रांची, झारखंड के रूप में हुई है।
मामले में आमस थाना कांड संख्या 387/26 दिनांक 18.10.26 को धारा 8(सी)/21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।