दुर्गा पूजा घूमने गया परिवार, पीछे से घर में लाखों की चोरी, केपी रोड की ढोलकिया गली में वारदात, ताले तोड़कर 45-50 लाख के जेवर और 4-5 लाख कैश ले गए चोर
गया। गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के केपी रोड स्थित ढोलकिया गली में सोमवार को देर रात दुर्गा पूजा घूमने गया एक परिवार जब वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। मुख्य गेट खुला था और अंदर कमरों के ताले टूटे पड़े थे। अलमारी और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि घर से लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी गायब हैं। पीड़ित संतोष कुमार बरनवाल के मुताबिक, चोर करीब 45-50 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने और 4-5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
संतोष कुमार ने बताया कि परिवार दुर्गा पूजा घूमने के लिए घर से बाहर गया था। लौटने पर करीब पौने तीन बजे उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ है। पहले उन्हें लगा कि शायद गेट ठीक से बंद नहीं हुआ होगा। लेकिन पैर से गेट को धक्का देते ही वह खुल गया। अंदर पहुंचे तो स्थिति देखकर शक हुआ। कई जगहों पर लगे ताले टूटे हुए थे और कमरों का सामान अस्त-व्यस्त था।
उन्होंने बताया कि उनके कमरे में रखी अलमारी और अन्य सामान को चोरों ने खंगाल दिया था। सोने की चेन, अंगूठी, कठिया समेत कई जेवर और करीब 4-5 लाख रुपये नकद गायब थे। वहीं उनकी मां के कमरे को भी चोरों ने निशाना बनाया। मां का मंगलसूत्र और शादी के समय मिले कई पुराने सोने के गहने चोरी हो गए। पीड़ित के अनुसार, परिवार के करीब 25 साल पुराने शादी के गहने भी चोरी हुए हैं। उनके दिवंगत पिता का सामान भी घर में रखा था, जिसे चोर अपने साथ ले गए।
112 की टीम पहुंची, वीडियो बनाया
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का वीडियो बनाया और मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने की बात कही। बाद में परिवार कोतवाली थाने पहुंचा और प्राथमिकी दर्ज कराई।
सीसीटीवी से सुराग तलाशने की मांग
पीड़ित परिवार ने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने और चोरी गए गहने व नकदी बरामद करने की मांग की है। दशहरा/दुर्गा पूजा के दौरान परिवार के घर से बाहर जाने का फायदा उठाकर हुई इस वारदात से आसपास के लोगों में भी चिंता है। पुलिस अब मामले की जांच और चोरों की पहचान में जुटी है।