गया में दारोगा के दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, छोटे की मौत; बड़ा गंभीर
फोन कर दोनों भाइयों को बुलाया, फिर बरसाईं गोलियां! मानपुर में वारदात से मचा हड़कंप, घटनास्थल से खोखे बरामद
गयाजी। गया में दुर्गा पूजा के दौरान अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। मानपुर में मोतिहारी में तैनात दारोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी गई। इस घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई, जबकि बड़ा बेटा मोनू सिंह (32) गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट हुई। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
फोन कर बुलाया, फिर की फायरिंग
परिजनों के मुताबिक, मोहल्ले में कुछ दूरी पर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया। दोनों के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से रानू और मोनू घायल हो गए। इलाज के दौरान रानू की मौत हो गई, जबकि मोनू की हालत गंभीर बनी हुई है। हालांकि, दोनों भाइयों को किसने फोन किया और विवाद किस बात को लेकर हुआ था, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जुआ विवाद में गोलीबारी की आशंका
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटनास्थल के आसपास जुआ और शराब का अड्डा संचालित होता है। आशंका जताई जा रही है कि जुए को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना हुई। हालांकि, पुलिस ने इस कारण की पुष्टि नहीं की है। जांच के बाद ही वारदात के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
जेठियन गांव के रहने वाले हैं दोनों भाई
दोनों भाई गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के मूल निवासी हैं। उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। एक बेटे की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
खोखे बरामद, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान करने और गोलीबारी के कारणों का पता लगाने के लिए छानबीन की जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले पर कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है। अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होगा कि दोनों भाइयों पर हमला किसने किया और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे की असली वजह क्या है।