हरदोई: प्राथमिक विद्यालय बना मयखाना? खंड शिक्षा अधिकारी को शराब-मुर्गा परोसने का आरोप, हेडमास्टर का कबूलनामा आया सामने
हरदोई (उत्तर प्रदेश):
शिक्षा के मंदिर की गरिमा को तार-तार करने वाला एक बेहद संगीन मामला हरदोई जिले के टड़ियावां विकास खंड से सामने आया है। टड़ियावां स्थित प्राथमिक विद्यालय कोटरा के हेडमास्टर पर आरोप लगा है कि उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अनिल कुमार झा को स्कूल परिसर में बुलाकर शराब और मुर्गे की दावत दी।
कैमरे पर कबूला— 'डिप्टी साहब के लिए लाए थे बोतल'
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें स्थानीय ग्रामीण और हेडमास्टर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। वीडियो में ग्रामीण हेडमास्टर पर स्कूल परिसर में शराब और नॉनवेज पार्टी आयोजित करने का आरोप लगा रहे हैं।
बहस के दौरान जब ग्रामीणों ने हेडमास्टर से सवाल किया, तो उन्होंने ऑन-कैमरा स्वीकार किया कि वे शराब की बोतल लेकर आए थे। जब उनसे पूछा गया कि शराब किसके लिए लाई गई थी, तो उन्होंने बेझिझक जवाब दिया— "हाँ, हम डिप्टी साहब (खंड शिक्षा अधिकारी) के लिए बोतल लाए थे।"
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
स्कूल परिसर में इस तरह के कृत्यों को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर छोटे बच्चों को संस्कार और शिक्षा दी जानी चाहिए, वहाँ अधिकारी और शिक्षक मिलकर दावतें उड़ा रहे हैं।
उच्च अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
ऑन-रिकॉर्ड आए इस बयान के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना यह होगा कि बेसिक शिक्षा विभाग और उच्च अधिकारी इस मामले पर संज्ञान लेकर दोषी हेडमास्टर व संबंधित अधिकारी के खिलाफ क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हैं।
Hardoi, Hardoi | Aug 10, 2026