बाहर से युवतियां बुलाने की सूचना पर होटल में पुलिस की रेड...
एनआईटी-3 चौकी क्षेत्र स्थित एक होटल में बाहर से युवतियों को बुलाए जाने और कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। टीम ने होटल के कमरों, एंट्री रजिस्टर और वहां ठहरे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की। हालांकि, जांच के दौरान होटल के अंदर किसी प्रकार की संदिग्ध या अनैतिक गतिविधि सामने नहीं आई।
सूचना के बाद होटल पहुंची पुलिस टीम
एनआईटी-3 चौकी के एएसआई महेश कुमार ने बताया कि पुलिस को होटल में बाहर से कुछ युवतियों को बुलाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की गई और होटल में जांच की गई। कर्मचारियों से पूछताछ के साथ होटल के संचालन से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले गए।
सभी कपल्स के दस्तावेज मिले
पुलिस ने होटल में ठहरे सभी कपल्स की जानकारी और उनके पहचान पत्रों का सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि होटल में ठहरे लोगों ने अपने पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कराए हुए थे। पुलिस ने एंट्री रजिस्टर और दस्तावेजों की प्रतियां आगे की जांच के लिए सुरक्षित रख ली हैं।
नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शहर के होटलों में समय-समय पर इस तरह के जांच अभियान चलाए जाते हैं। इसका उद्देश्य होटल में ठहरने वाले लोगों का रिकॉर्ड सत्यापित करना और गैरकानूनी गतिविधियों पर रोक लगाना है।
एएसआई महेश कुमार ने कहा कि किसी होटल में नियमों की अनदेखी या गैरकानूनी गतिविधि सामने आने पर संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। होटलों में आगे भी जांच जारी रहेगी।