संजौली कॉलेज में साइबर जागरूकता सेमिनार आयोजित, NSS की नई कार्यकारिणी का गठन
शिमला। राजकीय महाविद्यालय संजौली में शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। रोट्रैक्ट क्लब ऑफ जीसी संजौली ने हिमाचल स्टेट साइबर सेल और रोटरी क्लब शिमला के सहयोग से साइबर अपराध जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। सेमिनार में हिमाचल पुलिस के श्री राम शर्मा और श्रीमती दीक्षा शर्मा ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर अपराधों और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी तथा सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार अपनाने के उपाय बताए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. भारती भागड़ा ने कहा कि तेजी से बढ़ती डिजिटल दुनिया में जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष रोटेरियन अर्जुन गोयल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल आयोजन क्लब संयोजक प्रो. रीता चंदेल के मार्गदर्शन में किया गया।
इसी अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई की वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में सचिन वर्मा को बॉयज़ यूनिट लीडर, सूरज ठाकुर को सहायक बॉयज़ यूनिट लीडर, स्नेहा शर्मा को गर्ल्स यूनिट लीडर, सुकृति ठाकुर को सहायक गर्ल्स यूनिट लीडर, सुजल शर्मा को बॉयज़ यूनिट जनरल सेक्रेटरी, यशलेश को बॉयज़ यूनिट जॉइंट सेक्रेटरी, पलक शर्मा को गर्ल्स यूनिट जनरल सेक्रेटरी तथा वंशिका चौहान को गर्ल्स यूनिट जॉइंट सेक्रेटरी चुना गया।
इसके अलावा संस्कृति, सोशल मीडिया, अनुशासन, खेल एवं स्वास्थ्य तथा पर्यावरण सहित विभिन्न विभागों के लिए कार्यकारी सदस्यों और विभाग प्रमुखों का चयन किया गया, ताकि NSS की गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके। प्राचार्या प्रो. भारती भागड़ा ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया। वहीं, नई कार्यकारिणी ने NSS के उद्देश्यों के अनुरूप महाविद्यालय और समाज के हित में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।