ऑपरेशन सतर्क: कोडरमा स्टेशन पर शराब के साथ युवक गिरफ्तार
कोडरमा। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत शनिवार को कोडरमा रेलवे स्टेशन पर एक युवक को अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान उसके बैग से 750-750 मिलीलीटर की रॉयल स्टैग डीलक्स व्हिस्की की पांच बोतलें तथा 180 मिलीलीटर की 8PM प्रीमियम ब्लैक व्हिस्की की एक बोतल बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान सन्नी कुमार (28), निवासी जहानाबाद, बिहार के रूप में बताई। पूछताछ में उसने शराब को बिहार ले जाकर अधिक कीमत पर बेचने की बात स्वीकार की। जब्त शराब की कुल मात्रा 3.93 लीटर तथा अनुमानित कीमत 4,300 रुपये आंकी गई। आरपीएफ ने आरोपी और जब्त शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कोडरमा को सौंप दिया।