#बालाघाट
कान्हा में सात दिवसीय हाथी रिजुविनेशन कैंप का समापन
विभागीय हाथियों की पूजा-अर्चना कर खिलाए मौसमी फल, गन्ना और मक्का महावतों को किया गया सम्मानित
कान्हा टाइगर रिजर्व के सुपखार परिक्षेत्र में विभागीय हाथियों के स्वास्थ्य, देखभाल एवं समग्र कल्याण के उद्देश्य से आयोजित सात दिवसीय हाथी रिजुविनेशन कैंप का रविवार को गरिमामय समारोह के साथ समापन हुआ। कैंप का आयोजन 14 सितंबर से 20 सितंबर तक किया गया। इस दौरान विभागीय हाथियों को नियमित कार्यों से विश्राम देते हुए उनके स्वास्थ्य परीक्षण, देखभाल एवं पुनर्यौवन पर विशेष ध्यान दिया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बैहर विधायक संजय सिंह उईके एवं बिछिया विधायक नारायण सिंह पट्टा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक बालाघाट गौरव चौधरी, पुलिस अधीक्षक मंडला सहित कान्हा टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी, उपसंचालक प्रकाश कुमार वर्मा, वन मंडलाधिकारी बालाघाट (कोर), कोर एवं बफर क्षेत्र के सहायक संचालक तथा समस्त परिक्षेत्र अधिकारी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना कर हाथियों को खिलाए फल और गन्ना
समापन कार्यक्रम की शुरुआत विभागीय हाथियों की विधिवत पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद हाथियों को मौसमी फल, गन्ना, मक्का एवं नारियल खिलाया गया। वन विभाग के अधिकारियों एवं अतिथियों ने हाथियों के प्रति स्नेह और सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं संरक्षण की कामना की।
महावतों और सहायक महावतों का सम्मान
कार्यक्रम में हाथियों की देखभाल, स्वास्थ्य एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले महावतों एवं सहायक महावतों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथियों द्वारा उन्हें बैग, पानी की बोतल, ट्रैक सूट एवं खेल सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने हाथियों की देखभाल एवं वन विभाग के विभिन्न कार्यों में महावतों और सहायक महावतों के योगदान की सराहना की।
वन्यजीव संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं विभागीय हाथी
कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथी वन्यजीव संरक्षण, वन सुरक्षा, गश्ती एवं निगरानी सहित विभिन्न प्रबंधन कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और शारीरिक क्षमता को बनाए रखना विभागीय प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसी उद्देश्य से प्रतिवर्ष रिजुविनेशन कैंप आयोजित किया जाता है, जिसमें हाथियों को नियमित कार्यों से विश्राम देने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण, पौष्टिक आहार, आवश्यक देखभाल और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से उनके समग्र कल्याण पर ध्यान दिया जाता है।
समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं वन विभाग के अधिकारियों ने विभागीय हाथियों की बेहतर देखभाल एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
#कान्हा_टाइगर_रिजर्व
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minforestmp