पदभार ग्रहण करते ही एक्शन में दिखे नवागत कलेक्टर अंकित अस्थाना, विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण
तेलगवां और हिर्रवाह में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, सीसीटीवी कैमरों से रखी जा रही निगरानी
पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. सहित प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद, श्रद्धालुओं ने की व्यवस्थाओं की सराहना
सिंगरौली। जिले के नवागत कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी अंकित अस्थाना ने पदभार ग्रहण करते ही तत्काल सक्रियता दिखाते हुए दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. भी उनके साथ मौजूद रहे। कलेक्टर ने तेलगवां और हिर्रवाह स्थित विसर्जन स्थलों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
मीडिया से चर्चा के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही नगर निगम, एसडीआरएफ, होमगार्ड और आपदा मित्रों की टीमें तैनात की गई हैं, ताकि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि विसर्जन स्थलों पर एसडीएम, तहसीलदार, नगर निगम आयुक्त एवं निगम के इंजीनियर सहित संबंधित अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रतिमा विसर्जन का कार्य सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों के दौरान भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां जारी रहेंगी।
श्रद्धालुओं ने की प्रशासन की सराहना
दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। श्रद्धालुओं ने कहा कि सुरक्षा के लिए प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम सराहनीय हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे विसर्जन के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
देर रात तक जारी रहा विसर्जन का दौर
विसर्जन के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। नवागत कलेक्टर द्वारा पदभार ग्रहण करने के तत्काल बाद विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किए जाने से आम नागरिकों को प्रशासन की सक्रियता की उम्मीद जगी है। अब लोगों को अपेक्षा है कि इसी तरह जिले की अन्य जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर भी प्रशासन तत्परता से कार्य करेगा।
ऐसी ही ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए पेज को फॉलो करना न भूलें"
#ForYou
#Facebookreels
#nonflowers
#News #BreakingNews #LocalNews #MadhyaPradesh #Singrauli #MPNews