महराजगंज: 20 साल बाद गांव में चोरी की बड़ी वारदात, तीन महिलाओं के लाखों के जेवरात और 80 हजार रुपये नकदी चोरी
महराजगंज। ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर एकडंगा के कोइरी टोला में बीती रात चोरों ने सेंध काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। राम बहादुर पुत्र झिन्नू निवासी कोइरी टोला के घर को निशाना बनाते हुए चोर घर के अंदर घुसे और वहां रखे बॉक्स को तोड़कर तीन महिलाओं के लाखों रुपये के कीमती जेवरात तथा 80 हजार रुपये नकदी चोरी कर ले गए।
बताया जा रहा है कि चोर घर से दो बॉक्स भी उठाकर ले गए। घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर दोनों बॉक्स छोड़ दिए और उनमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घर में रखी 80 हजार रुपये की नकदी खेत छुड़ाने के लिए रखी गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में करीब 20 वर्षों बाद चोरी की इस तरह की पहली घटना हुई है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और गांव के लोगों में चिंता का माहौल है।
सूचना मिलते ही सिंदुरिया थानाध्यक्ष अनूप तिवारी एवं चिऊटहा चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने तथा चोरी गए जेवरात और नकदी की बरामदगी की मांग की है।
Public maharajganj #news #newsupdate #maharajganj #crime #theft