मकान से लाखों की नगदी व आभूषण चोरी करने की वारदात को अंजाम देने वाले 4 आरोपियों को अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने किया गिरफ्तार।
आरोपियों के कब्जा से ₹17.30 लाख नकद, सोना पिघलाने का सामान व वारदात में प्रयोग किए गए औजार बरामद।
आरोपियों ने रेकी करने के उपरांत मकान का ताला तोड़कर दिया था चोरी करने की वारदात को अंजाम।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 3 अक्टूबर । 24 अगस्त को एक महिला द्वारा पुलिस थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बतलाया कि आरडी सिटी, सेक्टर-52, गुरुग्राम स्थित इसके मकान से कोई अज्ञात व्यक्ति नकदी, आभूषण व अन्य सामान चोरी करके ले गए। प्राप्त शिकायत पर थाना सेक्टर-53, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-43, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने ल तकनीकी व पुलिस कार्यप्रणाली के समन्वय से कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में चोरी करने की वारदात को अंजाम देने में संलिप्त 4 आरोपियों को 20 सितंबर को लेजर वैली ग्राउंड, सेक्टर-29, गुरुग्राम के नजदीक से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की। आरोपियों की पहचान शेख मोमरेज, शेख रहीम अली, कौसर खांन उर्फ बिट्टू खांन तथा सजन उर्फ कालू के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से पश्चिम-बंगाल के निवासी हैं तथा वर्तमान में दिल्ली में रह रहे थे। अभियोग में आगामी कार्यवाही के लिए पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करके 8 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।
पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान आरोपियों से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपियों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की और उसके बाद मौका देखकर मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए सोने के आभूषणों को बेचने के लिए आरोपियों द्वारा आभूषणों को पिघलाया गया तथा पूछताछ में सोने को पिघलाने एवं उसे आगे बेचने की प्रक्रिया के संबंध में भी पुलिस टीम द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की गई है।
आरोपियों के कब्जा से ₹17 लाख 30 हजार की नकदी, सोना पिघलाने में प्रयोग किया गया 1 गैस सिलेंडर, 2 कटोरीनुमा क्रूसिबल, सफेद पाउडर (सुहागा), वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया 1 पेचकस, 1 कटर तथा 5 मास्टर चाबियां बरामद की गई हैं।
आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड के अवलोकन से ज्ञात हुआ कि आरोपी शेख मोमरेज के विरुद्ध दिल्ली में हत्या के प्रयास, चोरी एवं शस्त्र अधिनियम सहित अन्य अपराधों के तहत 4 अभियोग, शेख रहीम अली के विरुद्ध शस्त्र अधिनियम एवं चोरी से संबंधित 2 अभियोग, कौसर खांन उर्फ बिट्टू खांन के विरुद्ध चोरी से संबंधित 3 अभियोग तथा सजन उर्फ कालू के विरुद्ध चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास एवं शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 6 अभियोग अंकित पाए गए हैं।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा मकान में चोरी, सेंधमारी एवं अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त आरोपियों की पहचान करके उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उपरोक्त अभियोग में गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर चोरी की वारदात से संबंधित अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है। अभियोग का अनुसंधान जारी है।