जनसुनवाई में गूंजीं शिक्षा, सड़क, बिजली और वन अधिकार की समस्याएं, कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
आमजन की शिकायतों पर प्रशासन गंभीर, अधिकारियों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश; दिलाई नशामुक्ति की शपथ
डिंडौरी HALCHAL24NEWS
जिले के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने शिक्षा, राजस्व, सड़क, वन अधिकार, बिजली, आर्थिक सहायता और अनुकंपा नियुक्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रशासन के समक्ष रखे। जनसुनवाई की अध्यक्षता कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने की।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर ही निराकरण कराया गया, जबकि अन्य प्रकरण संबंधित विभागों को जांच एवं कार्रवाई के लिए सौंपे गए।
जनसुनवाई के दौरान अतिथि शिक्षक की पुनः पदस्थापना, शासकीय मार्ग बंद किए जाने, वन अधिकार पत्र जारी करने, आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर अनुकंपा नियुक्ति तथा वर्षों से बिजली सुविधा से वंचित ग्रामीणों की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। कलेक्टर ने प्रत्येक मामले में संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है और सभी को जनजागरूकता के माध्यम से इस अभियान को जनआंदोलन बनाना चाहिए।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम श्री रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर श्री वैद्यनाथ वासनिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#HALCHAL24NEWS #Dindori #Jansunwai #PublicGrievance #CollectorDindori #GoodGovernance #MPNews #BreakingNews #HindiNews #ForestRights #Electricity #Education #PublicService #NashaMukti #MadhyaPradesh