बंजी जम्पिंग के दौरान एक 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक देहरादून का रहने वाला है जो परिवार के साथ आया हुआ था। घटना के बाद एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं कि बंजी जम्पिंग के लिए स्वास्थ्य जाँच में क्या युवक मानकों को पूरा कर पाया था। पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक देहरादून के शांति विहार कोलागढ़ से लक्ष्य रस्तोगी अपने परिवार के साथ माँ धारीदेवी मंदिर के दर्शन कर वापस देहरादून लौट रहा था। इस दौरान वह श्री बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देवप्रयाग के मूल्यागांव के पास अलकनंदा नदी के ऊपर निजी कंपनी द्वारा बनाए गए बंजी जम्पिंग में जम्पिंग के लिए रूका। इस दौरान जैसे ही लक्ष्य रस्तोगी ने जंप किया उसके बाद लक्ष्य रस्तोगी ने पेट और सीने में तेज दर्द की शिकायत करी। जिसे जम्पिंग रोप (रस्सी) से उतारा गया। परिजन लक्ष्य को नजदीक के एक लॉज में आराम देने के लिए ले गए। जहां उसे आराम देने का प्रयास किया गया। लेकिन उसके स्वास्थ्य में कोई लाभ नहीं हुआ। जिसके बाद तत्काल परिजन लक्ष्य को अचेत अवस्था में नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागी लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने लक्ष्य को मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।