सूना घर देख चोरों ने बोला धावा, ताले तोड़े और लाखों का माल समेट ले गए
चंडीगढ़ गया था मकान मालिक, पत्नी भी पीहर गई थी; पीछे से दिनदहाड़े चोरी, लोहे की रॉड और खाली बैग छोड़ भागे चोर
रामगढ़ कस्बे में चोरों ने दिनदहाड़े सूने मकान को निशाना बना लिया। सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पीछे स्थित राजेंद्र जैन के मकान में सोमवार दोपहर चोर पीछे की तरफ खाली पड़े खंडहरनुमा प्लॉट से दाखिल हुए और पहली मंजिल पर पहुंचकर ताले चटका दिए। चोर गोदरेज अलमारी का लॉक और लॉकर तोड़कर नकदी व लाखों रुपए के जेवरात समेट ले गए।
चोरों ने वारदात के लिए ऐसा समय चुना, जब मकान मालिक राजेंद्र जैन चंडीगढ़ गए हुए थे और परिवार के अन्य सदस्य भी घर से बाहर थे। सोनू जैन के मुताबिक उनके पिता 19 सितंबर को चंडीगढ़ में रह रहे छोटे बेटे के पास गए थे। सोमवार सुबह उनकी पत्नी रीना हिंडौन स्थित अपने पीहर चली गई, जबकि सोनू अपनी दुकान पर चला गया। सामने रहने वाले अजीत जैन और नानक जैन भी रिश्तेदारी में गए हुए थे। यानी चोरों के लिए पूरा मकान खाली मिला और उन्होंने दोपहर करीब 1 से 3 बजे के बीच धावा बोल दिया।
पीछे के रास्ते से मकान में घुसे चोर सीढ़ियों के जरिए पहली मंजिल पर पहुंचे। यहां मुख्य रिहायश से अलग पूजा वाले कमरे का ताला तोड़ा और अंदर रखी अलमारी को निशाना बनाया। अलमारी का ताला और लॉकर तोड़कर चोर नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए।
मंगलवार को थाने में दी गई रिपोर्ट के अनुसार चोर 1 लाख 20 हजार रुपए नकद, 17 ग्राम सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, 40 चांदी के सिक्के, चांदी की पाजेब, चांदी का कलश-नारियल सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिजनों के मुताबिक चोरी का कुल माल लाखों रुपए का है।
रॉड, खाली बैग और पैकिंग वहीं छोड़ गए
वारदात के बाद चोर जल्दबाजी में लोहे की रॉड, जेवरात के खाली बैग और पैकिंग मटेरियल तक मौके पर ही छोड़ गए। चोरी का पता सोमवार देर शाम उस समय चला, जब सोनू की पत्नी रीना हिंडौन से घर लौटी और मकान के ताले टूटे देखकर परिवार को सूचना दी।
सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास की गलियों और मोहल्लों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल चोरों का कोई सुराग नहीं लगा है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से कस्बे में भी लोगों में चिंता का माहौल है।
Alwar, Alwar | Sep 29, 2026