कोटा स्टेशन बाजार में मोबाइल छीनने को लेकर हंगामा, 15 मिनट तक सड़क पर चलता रहा झगड़ा
भीमगंजमंडी के मुख्य बाजार में सुबह 8 बजे की घटना, तमाशबीन बनी रही भीड़, दोनों पक्षों के लोग मौके से फरार
कोटा। शहर के भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र स्थित स्टेशन के मुख्य बाजार में शुक्रवार सुबह मोबाइल छीनने की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। मोबाइल छीनकर भागे एक युवक के साथी को पकड़ने के बाद करीब 15 मिनट तक बाजार में विवाद और खींचतान चलती रही।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8 बजे एक व्यक्ति का मोबाइल कथित तौर पर नशे के आदी युवक ने छीन लिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने उसके साथी को पकड़ लिया और मोबाइल वापस दिलाने की मांग करने लगा। मोबाइल नहीं दिलाने पर वह उसे थाने ले जाने की बात कहने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई।
करीब 15 मिनट तक बाजार के बीच दोनों के बीच विवाद चलता रहा। बाद में पकड़ा गया युवक भी मौका पाकर वहां से भाग निकला।
झगड़ा चलता रहा, लोग देखते रहे तमाशा
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हैरानी की बात यह रही कि काफी देर तक दोनों के बीच झगड़ा चलता रहा, लेकिन भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने बीच-बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। लोग तमाशबीन बने रहे और आखिरकार दोनों पक्षों के लोग वहां से निकल गए।
Ladpura, Kota | Nov 7, 2026