मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है: मोनिका मलिक
रोहतक मंडल आयुक्त एवं मतदाता सूची पर्यवेक्षक ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण
आयुक्त ने एसआईआर को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
भिवानी, 06 अक्टूबर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत रोहतक मंडल आयुक्त एवं मतदाता सूची पर्यवेक्षक मोनिका मलिक ने मंगलवार को जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल करना तथा शुद्धिकरण कार्य या अपात्र नामों को हटाने का कार्य नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।
वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में आयुक्त मोनिका मलिक ने डीसी साहिल गुप्ता के अलावा एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, एसडीएम भिवानी महेश कुमार, एसडीएम लोहारू मनोज दलाल, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार, एसडीएम सिवानी विजया मलिक, सीटीएम अनिल कुमार के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए। डीसी ने आयुक्त को जिला में एसआइआर कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं आयुक्त ने भिवानी, तोशाम, बवानी खेड़ा व लोहारू विधानसभा के निर्र्वाचक पंजीयन अधिकारियों से एसआईआर कार्य की विस्तार से जानकारी ली। वहीं आयुक्त ने लोहारू में एसआइआर कार्य को सबसे कम समय में व बेहतरीन ढंग से संपन्न करने पर एसडीएम मनोज कुमार को बधाई दी।
बॉक्स
आयुक्त मोनिका मलिक ने गांव जुई खुर्द में मतदान केंद्र संख्या 224, गांव जुई कला के बूथ संख्या 231, गांव कुड़ल के 159, 160, 161 व 164 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडल आयुक्त ने संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों से मतदाता सूची के पुनरीक्षण, नए मतदाताओं के पंजीकरण, नामों में संशोधन तथा अपात्र मतदाताओं के संबंध में की जा रही कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार एसआईआर का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।