नशा मुक्ति अभियान के तहत बसंतपुर में भव्य जागरूकता रैली एवं चित्रकला व स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित
बसंतपुर, 08 सितंबर 2026। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के तत्वावधान में तहसील कल्याण अधिकारी, सुन्नी के कार्यालय द्वारा आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसंतपुर में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत भव्य जागरूकता रैली तथा चित्रकला एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कल्याण अधिकारी, शिमला श्री कपिल शर्मा ने की।
नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित जागरूकता रैली एवं कार्यक्रम में लगभग 400 विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर युवक मंडल, महिला मंडल, व्यापार मंडल बसंतपुर तथा स्थानीय लोगों ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता की। रैली के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला एवं स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं को जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया तथा दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसंतपुर के विद्यार्थियों द्वारा नशा मुक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन एवं युवाओं को जागरूक किया गया तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में तहसील कल्याण अधिकारी, सुन्नी श्री दीपक रैकेक, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बसंतपुर की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा ठाकुर, नायब तहसीलदार सुन्नी श्री प्रतीक ठाकुर, आबकारी विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपमंडल सुन्नी के विभिन्न विभागों द्वारा कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। विभिन्न विभागों, विद्यालयों, स्थानीय संस्थाओं एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा।