समाहरणालय, पूर्णिया
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति:-974,
दिनांक:-24/07/2026,
==================
जिला पदाधिकारी, पूर्णिया, श्री अंशुल कुमार (भा.प्र.से.) के निर्देश के आलोक में शुक्रवार को नगर पंचायत चंपानगर कार्यालय परिसर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विशेष कैंप का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
विशेष कैंप में विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों, नगर पंचायत चंपानगर के कार्यपालक पदाधिकारी, विद्युत विभाग के सहायक अभियंता तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मी उपस्थित थे।
कैंप का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना, लाभुकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करना तथा अधिकाधिक पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना था।
कैंप के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत नए आवेदनों की प्राप्ति के साथ-साथ पूर्व से लंबित एवं तकनीकी कारणों से अस्वीकृत (रिजेक्टेड) आवेदनों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के उपरांत विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए स्वीकृत लाभुकों के बैंक खातों में ऋण राशि हस्तांतरित की गई। शेष लंबित आवेदनों पर भी संबंधित बैंकों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
वहीं, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में आमजनों को योजना की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया। कैंप के दौरान इस योजना के अंतर्गत कुल 73 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
विशेष कैंप के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए नगरवासियों को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का सफल प्रयास किया गया।
जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Purnia, Bihar | Jul 24, 2026