खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्त कार्यवाही: स्विगी इंस्टामार्ट को नोटिस, तराना के डेयरी प्रतिष्ठानों से नमूने एकत्रित किए गए
उज्जैन, 22 सितम्बर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश, भोपाल एवं कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के निर्देशानुसार आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक व मिलावटी खाद्य सामग्री का विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा निरंतर एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण के साथ नमूना संग्रह की कार्यवाही भी जारी है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा स्विगी इंस्टामार्ट, आगर रोड, उज्जैन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है।
इसके साथ ही विभाग की टीम द्वारा तहसील तराना के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने एकत्र किए गए। निम्नलिखित स्थानों से नमूने संग्रहित किए गए—
• श्री सांई राम दूध डेयरी, पुराना पेट्रोल पम्प, तराना से बूंदी लड्डू एवं घी के नमूने।
• गोपाल डेयरी, खाण्डेराव बाजार, तराना से मावा, घी एवं चायपत्ती के नमूने।
• श्रीनाथ जी डेयरी, तराना से पनीर एवं चॉकलेट बर्फी के नमूने।
उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि कोई प्रतिष्ठान दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध विधिवत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन आमजन से अपील करता है कि वे शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध या अमानक उत्पाद की सूचना संबंधित विभाग को दें।
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh
Ujjain Commissioner