महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ में गणेश उत्सव के नवम दिवस पर भव्य आयोजन
🚩🔸#भक्ति_और_संस्कृति_का_दिखा_अनूठा_संगम🔸
🔸उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी ने की महाआरती, कलाकारों को किया गया पुरस्कृत
उज्जैन 22 सितंबर । महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के प्रांगण में चल रहे गणेश उत्सव के नवम दिवस पर मंगलवार को धर्म, कला और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस अवसर पर पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री गणेश का पूजन, महाआरती एवं स्तुति का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी उपस्थित रहे। उन्होंने महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ के निदेशक श्री संजीव कुमार मालवीय के साथ मिलकर भगवान श्री गणेश की विशेष पूजा-अर्चना की। महाआरती से पूर्व अतिथियों द्वारा विघ्नहर्ता को विशेष नैवेद्य अर्पित किया गया, जिसके पश्चात् सामूहिक आरती की गई। इस दौरान पूरा परिसर "गणपति बप्पा मोरिया" के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और समूचा वातावरण उल्लास व भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
प्रतिदिन हो रहे सांस्कृतिक आयोजन, कलाकारों का हुआ सम्मान
उल्लेखनीय है कि गणेश उत्सव के इस पावन पर्व पर शोधपीठ परिसर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान श्री गणेश की आराधना कर रहे हैं तथा सुख, समृद्धि, ज्ञान और मंगल की कामना कर रहे हैं। नवम दिवस की सांस्कृतिक संध्या में अपनी शानदार प्रस्तुति देने वाली प्रिया लोधावल को मुख्य अतिथि डॉ. रवि सोलंकी द्वारा पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य नागरिकों, अतिथियों और श्रद्धालुओं ने गणेश उत्सव के इस पवित्र मंच के माध्यम से भारतीय संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
स्वागत एवं आभार
कार्यक्रम में पधारे सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत 'श्री विशाल लोकगीत सांस्कृतिक समिति' के सचिव श्री विजेंद्र वर्मा ने किया। मंच का सफल एवं प्रभावी संचालन श्री दुर्गेश बाली ने किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन श्री शुभम वर्मा द्वारा किया गया। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री गोपाल डागर, श्री रितेश वर्मा और सुश्री अनुष्का तिवारी का विशेष संयोजन एवं सराहनीय योगदान रहा।
Collector Office Ujjain
JDjansampark Ujjain
Simhasth2028
34 views | Umaria, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026