समाहरणालय पूर्णिया,
जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति:1564,
दिनांक 01/10/2026,
==================
रूपौली में आयोजित हुआ प्रखंड स्तरीय बैठक-सह-उन्मुखीकरण कार्यक्रम, बाढ़ के बाद विद्यालयों के सुरक्षित संचालन पर मंथन:---
बालिका प्रोजेक्ट उच्च विद्यालय, रूपौली के प्रांगण में गुरुवार को में शिक्षा विभाग, यूनिसेफ बिहार, बिहार इंटर एजेंसी ग्रुप एवं जीपीएसभीएस के संयुक्त तत्वावधान में बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय बैठक-सह- उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सोशल सेक्टर रिकवरी कार्यक्रम के तहत आयोजित इस बैठक का मुख्य विषय “बाढ़ के बाद विद्यालय का पुनः सुरक्षित संचालन” रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रूपौली के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी श्री पंकज कुमार ने की।
कार्यक्रम में उपस्थित राज्य सलाहकार श्री वीरेन्द्र पांडेय ने पूर्णिया जिले के रूपौली अंचल में सितंबर माह के प्रथम सप्ताह में आई बाढ़ से प्रभावित विद्यालयों को सुरक्षित और सुचारू रूप से पुनः प्रारंभ करने के लिए रणनीतिक बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस दौरान बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने अपने-अपने परिसरों में क्षतिग्रस्त आधारभूत संरचना, पेयजल संकट, शौचालयों की स्थिति, बाधित विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सेवाओं की वर्तमान स्थिति का ब्यौरा साझा किया गया।
विषय की गंभीरता पर जोर देते हुए जिला सलाहकार श्री कमल कामत ने कहा कि बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
विद्यालयों को फिर से खोलने से पूर्व पूरे परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई, सुरक्षा जांच, सुरक्षित पेयजल की आपूर्ति, क्रियाशील शौचालय, जलजमाव का निपटारा तथा क्षतिग्रस्त ढांचे की पहचान करना अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विद्यालय अपनी आवश्यकताओं का सटीक आकलन करें और संबंधित विभागों के साथ त्वरित समन्वय स्थापित कर सुधारात्मक कदम उठाएं।
इस बैठक के दौरान विद्यालय स्तर पर बाढ़ से हुई क्षति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के आपसी तालमेल से 'सामाजिक क्षेत्र की पुनर्बहाली' और 'सुरक्षित विद्यालय संचालन' को सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मियों सहित बाढ़ प्रभावित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक एवं अन्य प्रमुख हितधारक उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#samratchoudhary
#cmsamrat
2 views | Purnia, Bihar | Oct 1, 2026