तिलैया थाना में चोरी की वारदात, नकदी, जेवर और बाइक ले उड़े चोर
झुमरी तिलैया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 8 स्थित विश्राम बाग कृष्णापुरी मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजू यादव के घर में शुक्रवार रात चोर घुस गए और करीब 40 हजार रुपये नकद, कुछ जेवरात तथा एक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह 6बजे तब हुई जब परिवार के सदस्यों ने घर का सामान बिखरा हुआ देखा। चोरी की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना तिलैया थाना को दे दी है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने की मांग की है।