डिंडौरी में नाबार्ड जिला विकास प्रबंधक कार्यालय का शुभारंभ
डिंडौरी राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा जिले में जिला विकास प्रबंधक (डीडीएम) कार्यालय का शुभारंभ किया गया। नाबार्ड मध्यप्रदेश क्षेत्रीय कार्यालय, भोपाल की मुख्य महाप्रबंधक श्रीमती सी. सरस्वती ने वर्चुअल माध्यम से कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उमरिया एवं सीधी जिलों में स्थापित नवीन डीडीएम कार्यालयों का भी एक साथ शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम में जिला प्रशासन, बैंकिंग संस्थाओं, प्रगतिशील कृषकों, गैर-सरकारी संगठनों, ग्रामीण उद्यमियों तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नाबार्ड अधिकारियों ने कृषि एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी साझा की।
अधिकारियों ने बताया कि नाबार्ड द्वारा वित्तीय समावेशन, ग्रामीण अवसंरचना विकास, आजीविका संवर्धन तथा संस्थागत सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नवस्थापित जिला विकास प्रबंधक कार्यालय के माध्यम से जिले में विकासात्मक एवं ऋण संबंधी गतिविधियों के समन्वय को और अधिक गति मिलेगी तथा विभिन्न ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्राप्त होगी।
नाबार्ड का यह कार्यालय जिले में संस्थागत समन्वय को मजबूत बनाने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने तथा समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही किसानों, स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण उद्यमियों और अन्य हितग्राहियों को विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का लाभ बेहतर ढंग से उपलब्ध कराने में भी सहायक सिद्ध होगा।
#anjupawanbhadauria #डिंडौरी #JansamparkMP