बेनीगंज में नाला निर्माण बना लोगों की परेशानी, मोहल्लेवासियों ने जताई नाराजगी, मौके पर पहुंची अधिशासी अधिकारी
हरदोई बेनीगंज नगर पंचायत द्वारा आगामी बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर के विभिन्न क्षेत्रों में नाला निर्माण कार्य कराया जा रहा है। नगर पंचायत का उद्देश्य है कि बारिश के दौरान नगर का पानी बाधा न बने और लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े। इसी क्रम में गांधी इंटर कॉलेज सड़क मार्ग पर निर्माणाधीन नाला अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है।मोहल्लेवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्यदाई संस्था के कर्मचारियों ने मनमाने ढंग से नाले की ऊंचाई अधिक कर दी है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को अपने घरों से सड़क तक आने-जाने में भारी कठिनाई होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसमें सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।शिकायतकर्ताओं ने यह भी कहा कि जिस क्षेत्र में नाले का निर्माण कराया जा रहा है वहां अधिक आबादी नहीं है और वहां बड़े नाले की आवश्यकता भी नहीं थी। लोगों के अनुसार उस स्थान पर केवल नाली निर्माण पर्याप्त था, लेकिन बिना आवश्यकता बड़े नाले का निर्माण कर दिया गया।मामले की शिकायत मिलने पर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी देवांशी दिक्षित मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर निर्माणाधीन नाले की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान मोहल्लेवासियों ने अपनी समस्याओं और आशंकाओं से उन्हें अवगत कराया तथा निर्माण कार्य में सुधार की मांग की।
स्थानीय निवासी राजाराम मौर्य ने बताया कि गांधी इंटर कॉलेज मार्ग रेलवे क्रॉसिंग होते हुए कई गांवों को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से जुड़ा बंद रेलवे फाटक मामला न्यायालय में विचाराधीन हैं तथा चुनाव के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी गांधी इंटर कॉलेज तक इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इसके अलावा परीक्षाओं के समय हजारों छात्र-छात्राएं इसी रास्ते से विद्यालय पहुंचते हैं, इसलिए सड़क का चौड़ा और सुगम रहना अत्यंत आवश्यक है।वहीं अधिशासी अधिकारी देवांशी दिक्षित ने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि निर्माणाधीन नाला किसी के लिए समस्या नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य कर रही संस्था से बातचीत कर जल्द ही आवश्यक सुधार कराया जाएगा ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।
Hardoi, Hardoi | Jun 22, 2026